शिव भक्ति में सराबोर रहा लालसोट सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब

 

Voice of pratapgarh News✍️ पत्रकार महेश पीलूखेड़ा

दौसा।शहर के शिवालयों में हर हर महादेव के जयकारों से गूंजा वातावरण, भक्तों ने किया जलाभिषेक व रुद्राभिषेक
सावन के पहले सोमवार को लालसोट शहर शिव भक्ति में पूरी तरह डूबा नजर आया। सुबह होते ही पंचमुखी शिवलिंगों पर श्रद्धा की गंगा बह निकली। बारिश की फुहारों के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

शहर के प्रमुख मायलां कुआं स्थित पंचेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अलसुबह 4 बजे से ही शिव भक्तों की कतारें लग गईं। रिमझिम फुहारों के बीच भोलेनाथ की आरती, जलाभिषेक और मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्ति भाव से सराबोर हो उठा। हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोषों से माहौल शिवमय बन गया।

इसी क्रम में चंदेश्वर नाथ महादेव, घाटेश्वर नाथ, कृपा सागर शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर कच्चा दूध, गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, आक, सफेद पुष्प और अक्षत चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। त्रिपुंड तिलक धारण कर भक्तों ने भोलेनाथ को लड्डू व मिठाई का भोग अर्पित किया।

गांव-ढाणियों से लेकर शहर तक शिवालयों में दिनभर श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी शिव भक्ति का विशेष उत्साह देखा गया। पंडित नरसी शर्मा ने बताया कि सावन माह भगवान शिव को अति प्रिय है। धार्मिक मान्यता है कि इसी माह में माता पार्वती ने कठोर तप कर शिवजी को पति रूप में प्राप्त किया था। इसलिए सावन का प्रत्येक सोमवार शिव उपासना के लिए अत्यंत पुण्यदायी होता है।

भक्तों ने व्रत, उपवास व रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति, आरोग्यता और कल्याण की कामना की। सावन की पहली सोमवारी पर लालसोट पूरी तरह शिवमय हो गया।

Recent Posts