त्रिपुरा मुख्यमंत्री ने किया चित्तौड़गढ़ दुर्ग का अवलोकन दुर्ग की विरासत को देखकर अभिभूत हुए

Voice of Pratapgarh News ✍️ रिपोर्टर पंडित मुकेश कुमार 

चित्तौड़गढ़। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा अपने एक दिवसीय प्रवास के तहत आज 18 फरवरी को चित्तौड़गढ़ पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग का अवलोकन किया और इसके गौरवशाली इतिहास की जानकारी प्राप्त की।

दुर्ग भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यू प्वाइंट, राणा कुम्भा महल, विजय स्तंभ, समीदेश्व मंदिर, कालिका माता मंदिर, सूरज पोल दरवाजा सहित अन्य प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने चित्तौड़गढ़ दुर्ग की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह दुर्ग वीरता, त्याग और संस्कृति का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों से दुर्ग के संरक्षण और संवर्धन के प्रयासों की जानकारी ली। स्थानीय गाइड सुधीर कुमार ने मुख्यमंत्री को दुर्ग का भ्रमण कराया एवं दुर्ग के इतिहास के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त ज़िला कलक्टर प्रभा गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उदयपुर के लिए प्रस्थान कर गए।