जिले के सभी थानों ने अपने सोशल मीडिया पर लगाई प्रोफाइल।
Voice of Pratapgarh News ✍️ पंडित मुकेश कुमार
चित्तौड़गढ़। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में 5 से 20 अक्टूबर तक सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा मनाया जा रहा है। प्रत्येक पुलिस थाने से तीन सुरक्षा सखी प्रशिक्षित की गई हैं। जो घर-घर जाकर महिलाओं व बालिकाओं से बातचीत कर रही हैं और समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास भी कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय महिलाओं के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है। पुलिस प्राथमिकताओं में भी महिला सुरक्षा विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गयी है। इसी दिशा में राज्य में महिलाओं/ बालिकाओं में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरुकता लाने, उन्हे सुरक्षित वातावरण प्रदान किये जाने हेतु राज्य स्तर पर एक जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अन्तर्गत सुरक्षा सखी सदस्यों द्वारा बालिकाओं / महिलाओं से संवाद स्थापित करने हेतु 05 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त जागरुकता अभियान के तहत प्रत्येक थाने से अधिकतम 03 सक्रिय सुरक्षा सखियों को अभियान में भाग लेने हेतु चिन्हित कर उन्हें कानून की जानकारी देने हेतु महिला अत्याचारों से संबंधित कानून एवं उनके कर्तव्यों, उत्तरदायित्वों को जानकारी प्रदान की जा रही हैं। सुरक्षा सखियों द्वारा अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर जाकर व्यक्तिगत रुप से महिलाओं/बालिकाओं से सम्पके कर उनको महिला संबंधी कानूनों की जानकारी दी जावेगी तथा उनके द्वारा बताई गई समस्याओं / सुझावों से स्थानीय पुलिस थानें को अवगत कराएगी।
उक्त अभियान का जिला पुलिस के सभी सोशल मीडिया अकाउंट यथा फेसबुक, इन्स्टाग्राम एवं एक्स पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिले के सभी थानों के सोशल मीडिया पर इस अभियान की प्रोफाइल लगाई गई हैं।
डीएसपी बेगूं अंजली सिंह व पारसोली थानाधिकारी प्रेम सिंह द्वारा थाना पारसोली पर सुरक्षा सखियों की मीटिंग ली गई, सावा के विज्डम पब्लिक स्कूल में सुरक्षा सखी द्वारा बालिकाओं को बेड़ टच, गुड टच के बारे में जानकारी दी गई। मंडफिया थानाधिकारी शीतल गुर्जर द्वारा मंडफिया थाने पर मीटिंग ली गई। भदेसर कस्बे में सुरक्षा सखियों द्वारा महिलाओं से बातचीत कर कानून संबंधी जानकारी दी गई। बिजयपुर के बालिका विद्यालय में, कनेरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में, भोपाल सागर, रावतभाटा, बस्सी भैंसरोड़गढ़, साडास, डूंगला सहित जिले के कई थानों व कस्बों में सुरक्षा सखियों द्वारा बालिकाओं को बेड़ टच, गुड टच एवं कानून संबंधी जानकारी दी गई। महिला थाने के स्टाफ द्वारा स्कूली बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया।
एएसपी महिला अपराध एवं अनुसंधान सेल मुकेश सांखला ने बताया कि 18 अक्टूबर को उदयपुर के यूनिसेफ द्वारा एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा सखियों को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
