कुष्ठ रोग की रोकथाम हेतु जागरुकता पखवाड़ा 30 जनवरी से 13 फरवरी तक
प्रतापगढ़। राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलने वाला जागरुकता पखवाड़ा मंगलवार से शुरू होगा। राज्य सरकार कुष्ठ रोग उन्मूलन के लिए और अधिक सशक्त और कारगर उपाय कर रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वी डी मीना ने बताया की जिला कलक्टर डॉ अंजलि राजोरिया के निर्देशन में राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन पखवाड़े का आयोजन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 30 जनवरी से 13 फरवरी तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले में कुष्ठ रोग से ग्रसित व्यक्तियों की पहचान एवं उपचार किया जाएगा। साथ ही इसके संबंध में फैली भ्रांतियों को भी चिकित्साकर्मिकों द्वारा दूर किया जाएगा। इस दौरान विभाग द्वारा घर-घर जाकर आशा सहयोगिनी एवं एएनएम के माध्यम से कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी एवं कुष्ठ रोग के प्रति आमजन को जागरूक भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सा संस्थानों पर कुष्ठ रोग उपचार के लिए दवा भी नि:शुल्क उपलब्ध है। यदि किसी के शरीर पर बदरंग व सुन्न चकत्ते हों, तो स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉक्टर को अवश्य दिखाएं, यह कुष्ठ रोग के लक्षण हो सकते हैं। डॉक्टर से सम्पर्क कर नियमित दवा का सेवन करना चाहिए। इलाज में देरी अपंगता भी हो सकती है। पखवाड़े के दौरान ग्राम स्तर पर सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें सरपंच द्वारा कुष्ठ रोग का जागरुकता संदेश पढ़ा जाएगा।
